फर्जी टीईटी प्रमाणपत्र की शिकायत, बैठी जांच
बुलंदशहर। खुर्जा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में तैनात एक शिक्षिका का शिक्षक पात्रता प्रमाणपत्र और जाति प्रमाणपत्र फर्जी होने की शिकायत मिलने पर बीएसए ने जांच बैठा दी है। नगर के आवास विकास निवासी वीरभान सिंह ने बीएसए को शिकायत भेजी है कि खुर्जा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में तैनात एक शिक्षिका का टीईटी प्रमाणपत्र और जाति प्रमाणपत्र फर्जी है। उसने यह जाति प्रमाणपत्र अनुसूचित जाति से बनवाया है जबकि शिक्षिका इस जाति से संबंध नहीं रखती है। टीईटी प्रमाणपत्र 2011 का है और यह नेट पर भी नहीं है और इस प्रमाणपत्र पर किसी दूसरे का रोल नंबर है। वीरभान ने बीएसए से इस पूरे मामले की जांच करवाकर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। उधर, बीएसए अजीत कुमार का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो