नगला आलमपुर में आज 11 दिन बाद खुलेगा स्कूल
- स्याना विधायक ने ग्रामीण और शिक्षकों के बीच कराया समझौता
- दबंग ग्रामीणों पर शिक्षकों ने लगाया था दुर्व्यवहार का आरोप
खानपुर। गांव नगला आलमपुर में ग्रामीणों और अध्यापकों के बीच चल रहे विवाद में स्याना विधानसभा से भाजपा विधायक देवेंद्र लोधी ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा कर खत्म कर दिया। इसके चलते मंगलवार को 11 दिन के बाद स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया।
सोमवार दोपहर दो बजे स्कूल परिसर में विधायक देवेंद्र सिंह पहुंचे और उन्होंने शिक्षक व अभिभावकों को बुलाया। ग्रामीणाें और शिक्षकों ने उनके सामने अपनी-अपनी बात रखी और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए गए। बाद में विधायक के प्रयास से दोनों पक्षोें में समझौता हो गया। इसके बाद निर्णय लिया गया कि मंगलवार को स्कूल खोला जाएगा। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में अध्यापकों से नियमित स्कूल आकर सुचारु शिक्षण कार्य करने को कहा। वहीं उन्होंने अभिभावकों को समझाया कि हमें कानून के दायरे में रहकर इनकी शिकायत करनी चाहिए। किसी को यदि कोई दिक्कत है तो उसकी शिकायत विभागीय अफसरों से करें। यदि वहां सुनवाई नहीं होती तो उनसे संपर्क करें।
ज्ञात रहे कि गांव के परिषदीय स्कूल के शिक्षकों ने गांव के कुछ दबंग लोगों पर परेशान करने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था। जबकि ग्रामीणों ने किसी तरह से शिक्षकों को परेशान न करने और दुर्व्यवहार न करने की बात कही थी। इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई थी। मगर, जब इसका पता विधायक को चला तो उन्होंने दोनों के बीच समझौता करा दिया। इससे सभी ने राहत की सांस ली है।