परिषदीय स्कूलों में बढ़े 23,382 बच्चे
बुलंदशहर। परिषदीय स्कूलों में 23,382 बच्चों की संख्या बढ़ गई है। कक्षा एक में 9000 बच्चों का प्रवेश हुआ है। बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों का दावा है कि गैर मान्यता प्राप्त स्कूल बंद कराकर बच्चों का परिषदीय स्कूलों में प्रवेश कराया गया, जिससे बच्चों की संख्या बढ़ी है।
बेसिक शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले के प्राइमरी 1635 स्कूलों में बच्चों की संख्या 1,93,332 थी जो अब बढ़कर 2,13,394 हो गई है। इसी तरह उच्च प्राथमिक 674 विद्यालयों में बच्चों की संख्या 41,983 थी जो अब बढ़कर 45,303 हो गई है। इस तरह से प्राइमरी स्कूलों में जुलाई माह से अब तक प्राइमरी स्कूलों में 20,062 और प्राथमिक विद्यालयों में 3320 बच्चों की संख्या बढ़ी है। बीएसए अजीत कुमार का कहना है कि शासन के आदेश पर चलाए गए स्कूल चलो अभियान के तहत भी बच्चों का नामांकन करवाया गया। इसके अलावा जिले में 231 गैर मान्यता प्राप्त स्कूल बंद कराए गए। इन स्कूलों के बच्चों को परिषदीय स्कूलों में प्रवेश दिलाया गया। यही कारण रहा कि इस बार परिषदीय स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ी है।