23 एससी लोहिया आवास की रुकी किस्त के मिले 31.62 लाख
- निर्माणाधीन 495 में से 331 की अभी नहीं मिली दूसरी किस्त
- 164 आवास को स्वीकृत 514.25 लाख में से मिले 481.97 लाख, शेष का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
लंबे इंतजार के बाद शासन से 23 एससी लोहिया आवास की रुकी किस्त के 31 लाख 62 हजार 500 रुपये प्राप्त हो गए हैं। इस राशि को जल्द ही पात्रों के खातों में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
जिले में लोहिया आवास के पात्रों का विगत वर्ष चयन किया गया था। यह योजना सपा के शासन में बनाई गई थी। योजना के तहत पात्र को पक्का मकान बनाने के लिए तीन लाख पांच हजार रुपये की राशि दिए जाने का प्रावधान है। निर्माणाधीन 331 आवासों को पहली किस्त के रूप में एक लाख 37 हजार 500 रुपये की किस्त मिल गई थी। जबकि दूसरी किस्त भाजपा की सरकार बनने के बाद नहीं मिली है। वहीं विगत वर्ष 164 आवास को स्वीकृत हुए पांच करोड़ 14 लाख 25 हजार में से अब तक चार करोड़ 81 लाख 97 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं। जबकि 32 लाख 27 हजार रुपये का इंतजार है। अब भाजपा की सरकार में आवास निर्माण को शेष राशि नहीं मिलने से पात्र भी आस छोड़ बैठे हैं। लोगों में चर्चा है कि यह योजना सपा सरकार की थी और भाजपा सरकार इसे पूरा करने से मुंह मोड़ रही है। वहीं दूसरी ओर विभाग के परियोजना निदेशक सर्वेश चंद का कहना है कि जो राशि शासन से प्राप्त हुई है, उसे पात्रों को उपलब्ध करवाया दिया जाएगा। अभी शासन की ओर से लोहिया आवास की योजना के संबंध में कोई आदेश नहीं मिला है। आगे जो भी आदेश मिलेगा, उस पर काम किया जाएगा।