खुशखबरी : शासन से मिले बैग, वितरण सोमवार से
- निशुल्क बैग वितरण के लिए सत्यापन कमेटी का हुआ गठन
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
परिषदीय स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चों के लिए अच्छी खबर है। उनको बैग का इंतजार खत्म हो गया है। शासन से बैग मिल गए हैं, जिनका वितरण सोमवार से होगा।
शासन से परिषदीय स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क बैग का वितरण होता है। इस समय जिले में 1635 प्राथमिक स्कूलाें में दो लाख 13 हजार 394 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इसी तरह 674 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 45303 विद्यार्थी हैं। इन सभी को पिछले काफी दिनाें से बैग मिलने का इंतजार था। जो अब खत्म हो गया। शासन से बीएसए कार्यालय में बैग पहुंच गए हैं। बैग वितरण के लिए बीएसए ने सत्यापन कमेटी का गठन करते हुए सोमवार से बैग बांटने का भी निर्णय ले लिया है। बीएसए अजीत कुमार का दावा है कि बैग वितरण में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए सभी एबीएसए को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। यदि किसी भी स्कूल से बैग वितरण में अनियमितताएं सामने आईं तो संबंधित हेडमास्टर के खिलाफ कार्रवाई होगी।
सपा सरकार में मिले बैग बिना बंटे रह गए
विगत वर्ष सपा सकार में मिले नि:शुल्क बैग बिना बंटे ही रह गए। इसका एक कारण तो यह रहा कि बैग देरी से मिले और जब बैग वितरण का समय आया तो इस पर रोक लगा दी गई थी। रोक लगाने का कारण बैग पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फोटो होना रहा। बीएसए अजीत कुमार ने बताया कि अब जो बैग वितरित किए जाएंगे वह नए हैं। जबकि अभी पूर्व में मिले बैग के संबंध में शासन से ऐसा कोई आदेश नहीं मिला कि उनका क्या होगा। जो भी आदेश मिलेगा उस पर अमल किया जाएगा।