पावर कारपोरेशन सीए के खिलाफ जांच के आदेश
- चीफ ने सिकंदराबाद एक्सईएन को सौंपी जांच, 15 दिन में मांगी रिपोर्ट
- सीट पर तैनात रहने के दौरान अवैध रूप से किए ठेके जारी
अमर उजाला ब्यूरो।
बुलंदशहर। पावर कारपोरेशन के सर्किल द्वितीय में तैनात शिविर सहायक (सीए) के खिलाफ चीफ इंजीनियर ने जांच के आदेश दिए हैं। सीए पर आरोप है कि सीट पर तैनात रहने के दौरान ठेकेदारों को अवैध रूप से ठेके जारी किए गए। जिनके माध्यम से सीए ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित कर ली है।
पावर कारपोरेशन में कार्यरत ठेकेदार अरविंद पुत्र अनूप ने ऊर्जा मंत्री को भेजी शिकायत में आरोप लगाया था कि विद्युत वितरण मंडल द्वितीय में तैनात सीए वीके वर्मा ने सीट पर तैनाती के दौरान ठेकेदारों को अवैध रूप से टेंडर जारी कर आय से अधिक संपत्ति अर्जित कर ली है। साथ ही सीए ने धरोहर की राशि को अन्य निविदाकारों के नाम पर दर्शा दिया है। ऊर्जा मंत्री के आदेश पर पावर कारपोरेशन चीफ एस के गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिकंदराबाद खंड के एक्सईएन को मामले की जांच सौंपी है। चीफ ने आदेश जारी करते हुए 15 दिनों में जांच पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
एसई अजय अग्रवाल ने बताया कि चीफ के आदेश प्राप्त हो चुके हैं। आदेशों पर एक्सईएन ने जांच शुरू कर दी है। समयावधि में जांच पूरी कर रिपोर्ट भेज दी जाएगी।