जांच पूरी होने तक छुट्टी पर ही रहेंगे विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
बुगरासी। जवाहर नवोदय विद्यालय बुकलाना के विद्यार्थियों को आज सोमवार से बुलाना था लेकिन जांच अधिकारी के अग्रिम आदेश तक विद्यार्थियाें को बुलाने की बात टाल दी गई है। अब जांच के बाद ही अधिकारियों के आदेश के बाद विद्यार्थियों को बुलाया जाएगा।
जवाहर नवोदय विद्यालय बुकलाना में कथित रूप से रैगिंग में लिप्त पाए गए चार छात्रों को 26 अगस्त को सस्पेंड करने के बाद आरोपी छात्रों ने अपने साथियों के साथ मिलकर विद्यालय में उत्पात मचाया था। आरोपियों ने प्राचार्य आवास व कार्यालय सहित दो अन्य कार्यालयों के ताले तोड़कर तोड़फोड़ की थी। मामले को शांत करने के लिए पीएसी बुलवाई गई थी। घटना को लेकर प्राचार्य राज सिंह ने 23 छात्रों को नामजद करते हुए 73 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस केस के अतिरिक्त विभागीय कार्रवाई के लिए एसी महेंद्र चौधरी भी जांच के लिए आए थे। विद्यालय में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों को एक सप्ताह के लिए घर भेज दिया गया था जबकि अन्य सभी विद्यार्थियों को दो दिन के लिए घर भेजा गया था। कक्षा 10 तक के विद्यार्थियों को तो दो दिन बाद बुला लिया गया था लेकिन कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों को आज सोमवार को बुलाना था। प्राचार्य राज सिंह ने बताया कि अभी कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों को बुलाया नहीं गया है। एसी महेंद्र चौधरी मामले की जांच कर रहे हैं। उनके अग्रिम आदेश तक विद्यार्थियों को नहीं बुलाया जाएगा। जैसे ही एसी आदेश करते हैं विद्यार्थियों को बुलाने के लिए सूचना भेज दी जाएगी।
---महत्वपूर्ण समय में पढ़ाई का हो रहा नुकसान
बुगरासी। इंटर बोर्ड की परीक्षा नजदीक आ रही हैं। पढ़ाई के लिए यह समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। कुछ छात्रों के उत्पात के चलते कक्षा 11 व 12 के सभी विद्यार्थियों को इसका खामियाजा उठाना पड़ रहा है। ऐसे महत्वपूर्ण समय में पढ़ाई पूरी तरह से प्रभावित हो रही है।
विद्यार्थी तनाव में, अभिभावक चिंतित
बुगरासी। विद्यार्थियों की पढ़ाई ठप होने से विद्यार्थियों में तनाव है वहीं अभिभावक भी चिंतित हैं। दिनेश सिंह, योगेंद्र सिंह, राजकुमार सिंह आदि अभिभावकों ने बताया कि उनकी बेटी कक्षा 12 की छात्रा हैं। कुछ छात्रों की गलती का उनके बच्चों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। बच्चे पढ़ाई को लेकर तनाव महसूस कर रहे हैं।