सातवीं कक्षा के 33 हजार छात्रों को गणित की किताब का इंतजार
- अगस्त माह बीत जाने के बाद भी नहीं मिली किताब, पड़ाई बाधित
- बीएसए ने किताब उपलब्ध करवाने के लिए विभाग को लिखा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। अगस्त माह बीत जाने के बाद भी उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा सातवीं के छात्रों को गणित विषय की किताब अभी तक प्राप्त नहीं हुई। इसके चलते 33 हजार बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। बीएसए का दावा है कि किताब उपलब्ध करवाने के लिए विभाग को पत्र लिख दिया है।
परिषदीय विद्यालयों में शासन की ओर से निशुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध करवाया जाता है। इस बार खास बात यह रही कि किताब-कॉपी आदि जुलाई माह से ही प्राप्त होने लगी थी। जबकि कक्षा सात के गणित विषय की किताब अभी स्कूल में नहीं पहुंची है। बच्चे किताब का इंतजार कर रहे हैं। किताब नहीं होने पर उनकी पढ़ाई भी बाधित हो रही है। वहीं, दूसरी ओर बीएसए अजीत कुमार का कहना है कि उन्होंने गणित विषय की किताब उपलब्ध करवाने के लिए विभाग को पत्र लिख दिया है। जल्द ही किताब मिल जाएगी और प्रयास किया जा रहा है कि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। इसलिए अध्यापकों को पुरानी किताब से ही पढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं। नई किताब मिलने पर समस्या दूर हो जाएगी।