शिकारपुर बाइपास पर लगा पांच किलोमीटर लंबा जाम
- करीब चार घंटे बाधित रहा बुलंदशहर से बदायूं और अनूपशहर-स्याना मार्ग
- पैठ में बकरा खरीदने को उमड़ी भीड़ के चलते बनी जाम की समस्या
- सुबह से ही जाम के झाम ने रोकी रफ्तार, वाहनों की लगी लंबी लाइन
- जाम के चलते समय पर शिक्षण संस्थानों में नहीं पहुंचे विद्यार्थी, जरूरी काम वाले भी फंसे
- जाम खुलवाने में पुलिस रही नाकाम, बस और अन्य वाहनों में बैठे यात्रियों के छूटे पसीने
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। शिकारपुर बाईपास पर काली नदी के पास लगने वाली पैठ में मंगलवार सुबह से ही बकरीद को बकरा खरीदने के लिए भीड़ उमड़ी रही। पैठ में जगह कम होने के कारण बकरा खरीदने वाले सड़क के किनारे तक जा पहुंचे। इसके चलते देखते ही देखते जाम लगना शुरू हो गया और मार्ग के दोनों ओर पांच किलोमीटर से भी अधिक लंबा जाम लग गया। जाम ने वाहनों की रफ्तार रोक दी तो साथ ही शिक्षण संस्थाओं में विद्यार्थी देरी से पहुंचे। जाम खुलवाने में पुलिस भी नाकाम रही और बस और अन्य वाहनों में बैठे यात्रियों के पसीने छूट गए। इसके चलते शहर के मुख्य मार्गों पर भी वाहनों के दबाव के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब चार घंटे बुलंदशहर से बदायूं और अनूपशहर-स्याना मार्ग बाधित रहा।
बकरीद दो सितंबर को है और उसके लिए समाज के लोग बकरा आदि खरीदने के साथ तैयारियाें में जुट गए हैं। नगर के बाईपास पर काली नदी के पास मंगलवार को पशु पैठ लगती है। यहां पर बकरा खरीदने और बेचने वालों का सुबह से ही तांता लगना शुरू हो गया। भीड़ इतनी बढ़ गई कि शिकारपुर बाईपास से गुजरने वाले मार्ग पर भी खरीद शुरू हो गई। इसके चलते गुजरने वाले वाहनों के ब्रेक लग गए और देखते ही देखते जाम लग गया। काली नदी से शहर की ओर आने वाले और नदी से शिकारपुर रोड और अनूपशहर-स्याना जाने वाले मार्ग पर वाहनों की पांच किलोमीटर से भी अधिक लंबी लाइन लग गई। इसका सामना वाहनों में बैठे यात्रियों के साथ शिक्षण संस्थानों और कार्यालय के अलावा जरूरी काम वाले को करना पड़ा। जाम से बचने के लिए वाहन चालकों ने अनूपशहर अड्डे से और दूसरी ओर कालाआम सहित अन्य मार्गों से अपने गंतव्य की ओर बढ़ने का प्रयास किया। मगर, शहर में वाहनों का दबाव अधिक बढ़ने से जगह-जगह जाम की समस्या बनी रही। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। मगर, शिकारपुर बाईपास और शहर में लगे जगह-जगह जाम को खुलवाने में पुलिस नामकाम साबित रही। सुबह करीब आठ बजे से दोपहर 12 बजे के बाद ही जाम खुला और उसके बाद ही सभी ने राहत की सांस ली। उधर, यातायात प्रभारी कुलबीर राणा ने दावा किया कि जाम को खुलवाने का प्रयास किया गया। जाम लंबा होने के कारण और शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने से जगह-जगह लगे जाम को खुलवाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस कर्मियों ने जाम खुलवाने के बाद ही राहत की सांस ली।
........................
बकरीद से पहले पैठ में मुंह मांगे दाम पर बिके बकरे
बुलंदशहर। बकरीद से पहले मंगलवार को लगी पैठ में बकरों के मुंह मांगे दाम मिले। पैठ में एक से एक बढ़कर एक बकरे बिक्री के लिए पहुंचे। खरीदारों ने भी अपनी जेब अनुसार ही बकरे खरीदे। पैठ में चर्चा रही कि यहां पर 20 हजार रुपये तक के बकरे पहुंचे और खरीदे गए। बकरा खरीदने वाले अलसुबह ही पैठ में पहुंच गए और अपनी पसंद और जेब अनुसार बकरा खरीदा। इसका कारण यह भी रहा कि अब बकरीद को चंद दिन बचे हैं और इसके बाद पैठ बकरीद के बाद ही लगेगी। इसलिए उन्हाेंने मंगलवार को ही कुर्बानी के लिए बकरा खरीदा उचित समझा। यहीं कारण रहा कि पैठ में उमड़ी भीड़ के चलते शिकारपुर बाईपास पर चार घंटे जाम के झाम में उलझा रहा।