शिक्षिका हत्याकांड : एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन
- सीबीआई जांच कर साजिश कर्ताओं को बेनकाब करने की मांग की
- पैदल मार्च निकालकर कलक्ट्रेट पर दिया धरना, पहुंचे एसएसपी कार्यालय
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
कोतवाली क्षेत्र के यमुनानगर स्थित मकान में शिक्षिका की हत्या के खुलासे से असंतुष्ट परिजनों के साथ गरीब सेना के कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालते हुए कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद एसएसपी कार्यालय पहुंचकर कर आरोपी का नारको टेस्ट कराने तथा मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की।
गौरतलब है कि शिवचरण इंटर कॉलेज की शिक्षिका कुसुमावती की हत्या कर दी गई थी। उनका अधजला शव यमुनापुरम कॉलोनी स्थित उनके मकान में मिला था। मृतका के दोनों हाथ बंधे हुए थे। मृतक शिक्षिका के बेटे अमित ने कोतवाली देहात में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने गुपचुप तरीके से शिक्षिका के कॉलेज में पढ़ाने वाले शिक्षक के नाबालिग बेटे को आरोपी बनाते हुए जेल भेज दिया था। आरोपी का पहले से शिक्षिका के घर आना जाना था। हत्याकांड के खुलासे से मृतका के परिजन कतई संतुष्ट नहीं थे। इसे लेकर उनके बेटे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल राम नाईक से मिलकर सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग की थी। सोमवार को गरीब सेना के बैनर तले लव पंडित के नेतृत्व में परिजनों ने ग्रामीणों के साथ आरटीओ कार्यालय से पैदल मार्च निकालते हुए कलक्ट्रेट गेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटे तक धरने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए नाबालिग आरोपी का नारको टेस्ट कराने और मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। इसके बाद परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन करते हुए परिजनों ने सीओ सिटी को ज्ञापन सौंपा। परिजनों का कहना था कि अकेला नाबालिग हत्याकांड को अंजाम नहीं दे सकता। आरोपी ने पुलिस को बताया था कि हत्या के बाद उसने पांच सौ रुपये और सेफ का लॉक तोड़कर आर्टिफिसीयल ज्वेलरी चोरी की थी। लेकिन मृतका के बेटे अमित के मुताबिक कोई ऐसी कोई ज्वेलरी नहीं थी।