एक लाख किसानों को कर्जमाफी के लिए करना होगा इंतजार
- आधार कार्ड न होने के कारण अभी नहीं मिलेगा कर्जमाफी का लाभ
- अभी तक 56 हजार किसानों का पूरा हुआ है सत्यापन
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
जिले में एक लाख किसानों को अभी कर्जमाफी के लिए इंतजार करना होगा। जबकि अफसरों के सत्यापन के आधार पर 56 हजार किसानों को योजना का लाभ शीघ्र ही प्रदान कर दिया जाएगा। आधार कार्ड न बन पाने के चलते एक लाख किसानों को कर्जमाफी के लिए आधार कार्ड आने तथा अफसरों के सत्यापन करने तक का इंतजार करना होगा। संभावना है कि शेष बचे एक लाख किसानों को सितंबर माह के अंत तक ही योजना का लाभ मिले।
बताते चलें कि सरकार ने चुनाव पूर्व जिले के किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा की थी।
सरकार बनने के बाद वादे को पूरा करते हुए शासन ने 31 मार्च 2016 से पूर्व में लिए गए ऋण में से अधिकतम एक लाख रुपये के ऋण को माफ करने के आदेश दिए थे। ऋण माफी के लाभ के लिए किसानों को अपने बैंकों में आधार कार्ड देना अनिवार्य था। आदेशों के बाद भी केवल 56 हजार किसानों ने ही आधार कार्ड को अपने खातों से लिंक कराया था। इनमें से कर्जमाफी के लाभ के लिए करीब 56 हजार किसानों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है। अब बताया जा रहा है कि ऐसे एक लाख किसानों को कर्जमाफी की योजना के लिए अभी इंतजार करना होगा जिन्होंने अभी तक आधार कार्ड नहीं बनवाए हैं। ऐसे में आधार कार्ड के लिए मची मारामारी से वेबसाइट भी धीमी हो गई है। जिसके कारण आधार कार्ड बनने में एक माह का समय लग रहा है। माना जा रहा है कि आधार कार्ड देरी से देने वाले किसानों को सितंबर माह के अंत तक योजना का लाभ मिल सकेगा।
मृतकों के परिजनों को वारिसान से मिलेगा लाभ
ऐसे किसान जिन्होंने 31 मार्च 2016 से पूर्व ऋण लिया था, और अब उनकी मृत्यु हो चुकी है उनके परिजनों को वारिसान प्रमाण पत्र से योजना का लाभ दिया जाएगा। वारिसान प्रमाण पत्र जमा करने के बाद संबंधित क्षेत्र के अधिकारी किसान के परिजनों का सत्यापन कर रिपोर्ट देंगे।
एक लाख किसानों का आधार कार्ड अभी तक नहीं बना है। मृतकों के परिजनों को वारिसान के माध्यम से योजना का लाभ दिया जाएगा। फिलहाल 14 हजार किसानों का सत्यापन हो चुका है। शेष किसानों का सत्यापन भी जल्द कर दिया जाएगा। - एके सिंह, जिला कृषि अधिकारी