अब पीओएस से होगा यूरिया, उर्वरक का वितरण
- सहकारी समिति सहित सरकारी और निजी दुकानों पर लगेंगी पीओएस
- किसानों को देना होगा आधार कार्ड नंबर
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
सरकारी राशन की दुकानों पर राशन वितरण की तर्ज पर अब किसानों को यूरिया और उर्वरक आदि का वितरण भी प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन से होगा। मशीन सभी सहकारी समितियों सहित सरकारी और निजी दुकानों पर लगेंगी। मशीन कृषि विभाग उपलब्ध करवाएगा। विभाग ने रविवार को मशीनों के वितरण का काम शुरू कर दिया है।
उर्वरक विभाग, भारत सरकार के आदेश पर कृषि निदेशालय उत्तर प्रदेश (उर्वरक अनुभाग) ने जिला कृषि अधिकारियों को आदेश दिया है कि अब यूरिया, डाई, पोटास, उर्वरक आदि का वितरण किसानों को पीओएस मशीन से होगा। सभी सहकारी समितियों, सरकारी और निजी दुकानों पर मशीन सितंबर माह के प्रथम सप्ताह तक लग जानी चाहिए। मशीन कृषि विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई जाएगी। यदि किसी दुकानदार ने पीओएस मशीन के बगैर यूरिया और उर्वरक का वितरण किया तो उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। इस आदेश के बाद जिले में मशीन उपलब्ध करवाने का काम रविवार से शुरू हो गया। कृषि अधिकारियों ने बताया कि पीओएस मशीन उपलब्ध करवाना शुरू कर दिया है। जिले में मशीन उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी टाटा केमिकल को दी गई है। सभी सहकारी समितियां, सरकारी और निजी दुकानदार, जो यूरिया और उर्वरक आदि का वितरण करते हैं। वह 22 अगस्त तक हरहाल में मशीन प्राप्त कर लें। इसके बाद अभियान चलेगा और मशीन नहीं मिलने की सूरत में लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। यूरिया व उर्वरक आदि लेने के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड नंबर देना होगा।
किसानों को ये सभी देना होगा
पीओएस मशीन से किसानों को यूरिया और उर्वरक आदि लेने के लिए सबसे जरूरी आधार कार्ड नंबर होगा। इसके साथ ही किसान को अपना पहचान पत्र, वोटर आईडी, किसान क्रेडिट कार्ड और बैंक का खाता नंबर आदि भी देना होगा।
सब्सिडी सीधे खाते में देने की तैयारी
सरकार ने किसानों को यूरिया और उर्वरक आदि का वितरण पीओएस मशीन से करवाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके बाद यूरिया, पोटास और उर्वरक आदि पर किसान को मिलने वाली सब्सिडी भी सीधे उनके खाते में देने की तैयारी भी है। इसके लिए पहले किसान को पूरी राशि जमा करवानी होगी और उसके बाद रसोई गैस सब्सिडी की तर्ज पर यूरिया आदि पर मिलने वाली सब्सिडी सीधे किसान के खाते में पहुंचेगी।
किसानों को एक सितंबर से यूरिया, डाई, पोटाश और उर्वरक आदि का वितरण पीओएस मशीन से होगा। इसके लिए विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। मशीन सभी जगह 31 अगस्त तक लग जाएंगी और किसानों को अपना आधार कार्ड नंबर देना जरूरी होगा।
- अश्विनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी