परिषदीय स्कूलों में मनेगा स्वच्छता पखवाड़ा
- स्वच्छता पखवाड़े को लेकर बीएसए ने एबीएसए को दिए आवश्यक निर्देश
- एक सितंबर से शुरू होने वाले पखाड़े की तिथि जारी
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। परिषदीय स्कूलों में एक सितंबर से स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। पखवाड़े के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की तिथि जारी हो गई है। बीएसए ने सभी एबीएसए को स्वच्छता पखवाड़े को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक ने बीएसए को पत्र जारी कर आदेश जारी किया है कि सभी परिषदीय और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में एक सितंबर से स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। पखवाड़ा 15 सितंबर तक जारी रहेगा और पहले दिन एक सितंबर को छात्र-छात्राओं को स्वच्छता शपथ दिवस के तहत शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद दो सितंबर को स्वच्छता जागरूकता दिवस, तीन सितंबर को साफ-सफाई, रख-रखाव एवं योजना दिवस, चार सितंबर को ग्रीन स्कूल मुहिम, पांच सितंबर को स्वच्छता प्रतिभागिता दिवस, छह सितंबर को नाखून स्वच्छता दिवस और सात सितंबर को हाथ धुलाई दिवस मनाया जाएगा। इसी तरह 15 सितंबर तक व्यक्तिगत स्वच्छता दिवस, शौचालय जागरूकता दिवस, समुदाय जागरूकता दिवस और स्वच्छ जल दिवस आदि का आयोजन होगा।
बीएसए अजीत कुमार ने बताया कि जिले के परिषदीय स्कूलों में स्वच्छता पखवाड़े को सफल बनाने के लिए तैयारी शुरू हो गई हैं। उन्होंने सभी एबीएसए को निर्देश जारी कर दिए हैं कि वह स्वच्छता पखवाड़े को लेकर अपनी रणनीति बना लें। उन्होंने चेतावनी दी है कि कोई भी ऐसा स्कूल नहीं होना चाहिए, जहां स्वच्छता पखवाड़ा दिवस न मनाया जाए। यदि ऐसा कोई मामला सामने आया तो संबंधित स्कूल के संबंधित क्षेत्र के एबीएसए पर कार्रवाई होगी।