आज भी कॉलेजों में होंगे एडमिशन
- यूजी और पीजी कक्षाओं की रिक्त सीटों पर होगा नामांकन
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिले के कॉलेजों में सोमवार को भी यूजी और पीजी की खाली सीटों पर एडमिशन होंगे। इसके लिए कॉलेजों ने तैयारी कर ली है।
सीसीएसयू ने यूजी की तीन और पीजी प्रथम वर्ष की कक्षाओं में एडमिशन के लिए दो कटऑफ लिस्ट जारी करने के बाद रिक्त सीटों पर कॉलेजों को ओपन मेरिट बनाकर एडमिशन करने के आदेश दिए थे। कॉलेजों ने इस आदेश पर छात्र-छात्राओं के प्रोफार्मा जमा करने के बाद ओपन मेरिट 10 अगस्त को जारी कर दी थी। 11 अगस्त को एडमिशन होने थे। मगर, विवि की वेबसाइट नहीं खुलने पर एडमिशन नहीं हुए थे। इस कारण कॉलेजों में एडमिशन के लिए पहुंचे छात्र-छात्राओं को मायूस लौटना पड़ा था। एडमिशन नहीं होने पर विवि ने कॉलेजों को 14 अगस्त को भी एडमिशन करने के आदेश दिए हैं। डीएवी के प्राचार्य प्रो. विकास शर्मा और गौरी शंकर कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंशु बंसल ने यूजी और पीजी कक्षाओं की ओपन मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं से सोमवार अपने-अपने कॉलेज पहुंचकर एडमिशन करवाने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि एडमिशन 17 अगस्त तक जारी रहेंगे।
गौरी शंकर कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंशु बंसल ने बताया कि बीए और बीकॉम प्रथम वर्ष और एमए प्रथम सेमेस्टर (गृह विज्ञान) की कक्षाएं 16 अगस्त से शुरू हो रही हैं। उन्होंने एडमिशन ले चुकी छात्राओं से समय पर कॉलेज पहुंचकर कक्षाओं में उपस्थिति दर्ज करवाने का आह्वान किया है।