बिना आधार कार्ड अब नहीं मिलेगा ऋण माफी का लाभ
- शासन ने नए आदेश जारी कर पात्र किसानों को चेताया
- डीएम ने पात्र किसानों से 15 अगस्त तक आधार कार्ड बनवाने की अपील की
- पहले शासन ने तीन चरणों में किसानों को लाभ देने की बनाई थी योजना
- अपात्र को लाभ न मिल जाए, इसलिए आधार कार्ड को किया अनिवार्य
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
अब पात्र किसान भी बिना आधार कार्ड के फसल ऋण माफी योजना का लाभ नहीं ले पाएंगे। शासन ने नए आदेश जारी कर किसानों को 15 अगस्त तक हर हाल में आधार कार्ड बनवाने के निर्देश दिए हैं। पहले शासन ने तीन चरणों में किसानों को लाभ पहुंचाने की घोषणा की। ऐसे में बड़ी संख्या में पात्र किसानों के सामने समस्या खड़ी हो गई है।
प्रशासन की सूची के मुताबिक जिले में करीब 1.68 लाख किसानों का ऋण माफ होना है। इनमें से करीब 55 हजार किसानों ने आधार नंबर को अपने बैंक खाते से लिंक करा लिया है। शेष किसानों में से कुछ के पास आधार कार्ड नहीं है, जबकि कुछ किसान आधार नंबर देने के लिए बैंकों तक नहीं पहुंच पाए हैं। इनमें से 10,500 किसानों का भौतिक सत्यापन तहसील प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। 15 अगस्त को पात्र किसानों को ऋण माफी का प्रमाण पत्र दिया जाना है। आधार कार्ड से वंचित किसानों के लिए डीएम ने सभी विकास खंडों और जिला मुख्यालय में विकास भवन में सेंटर खोल दिए हैं। बावजूद इसके किसान सेंटरों पर आधार कार्ड बनवाने के लिए नहीं आ रहे हैं।
पहले तीन चरणों में थी ऋण माफी की योजना
शुरुआत में शासन ने तीन चरणों में किसानों का ऋण माफ करने की घोषणा की थी। पहले चरण में आधार कार्ड वाले, दूसरे चरण में बिना आधार कार्ड वाले और तीसरे चरण में लेखपाल द्वारा सत्यापन करके किसानों को लाभ दिए जाने की योजना थी।
डीएम ने की समीक्षा बैठक
जिलाधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों की आयोजित बैठक में शासन की ऋण माफी योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रत्येक तहसीलवार रिपोर्ट लेते हुए कहा कि जितनी सूची फीड हो गई है, उनके सत्यापन के काम में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में शपथ पत्र आवश्यक रूप से लिया जाए। उन्होंने कहा कि ऋण माफी योजना के अंतर्गत पात्र किसानों के पास आधार कार्ड आवश्यक रूप से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे किसानों के पास आधार कार्ड नहीं है तो उन्हें संबंधित विकास खंड पर भेजते हुए आधार कार्ड बनाए जाने के लिए निर्देशित करें।
कोट्स
बड़ी संख्या में किसानों ने अब तक बैंकों को आधार कार्ड नहीं दिया है। समय रहते हुए किसानों को आधार कार्ड बनवा लेना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसान योजना का लाभ ले सकें।
- सतपाल मेहता, एलडीएम