ओडीएफ की अलख जगाने को बनी 19 टीम
बुलंदशहर जिले में खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) की अलख जगाने को एक और प्रयास किया गया है। इसके लिए 19 टीमों का गठन हो गया है। प्रत्येक टीम में पांच-पांच सदस्य तैनात किए गए हैं।
उन्हें प्रत्येक ब्लॉक में पहुंचाने के लिए वाहन भी तैनात कर दिए गए हैं। पहले चरण में शुरू हो रही इस प्रक्रिया में 100 प्रधानों को सहयोग के आदेश दिए गए हैं।
जिले को खुले में शौच मुक्त करने के लिए पिछले करीब एक साल से काम चल रहा है। यह कार्य जिला पंचायत राज विभाग की ओर से किया जा रहा है।
अब तक 102 ग्राम पंचायतों को ओडीएफ घोषित किया जा चुका है। ग्रामीणों में ओडीएफ की अलख जगाने को विभाग की ओर से जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, ग्रामीणों की पंचायत और गीत आदि का भी सहारा लिया गया।
विभाग की ओर से इस कार्य को सफल बनाने के लिए गांव-गांव में अफसर डेरा डालकर भी ग्रामीणों को जागरूक करेंगे। मगर, इससे पहले विभाग की ओर से एक और प्रयास किया गया है।
इसके लिए 19 टीमों का गठन कर उसमें पांच-पांच लोेगों को शामिल किया गया है। इनमें स्वयंसेवी और विभाग की और से गांवों में तैनात किए गए वालेंटियर व कर्मचारी शामिल किए गए हैं।
इस कार्य को सफल बनाने के लिए शनिवार को विभाग की ओर से 95 ग्राम प्रधानों की बैठक लेकर सहयोग के आदेश दे दिए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक पर एक गाड़ी तैनात की गई है, जो टीम के सदस्यों को गांव लेकर पहुंचेगी।
जहां पर टीम के सदस्य ग्रामीणों को खुले में शौच से होने वाले नुकसान और बीमारियों से अवगत करवाते हुए शौचालय के प्रयोग के लिए प्रेरित करेंगे।
विभाग ने टीम के भ्रमण के लिए दिन भी निर्धारित कर दिए हैं। सभी टीमों की सोमवार को बैठक ली जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। यह सब काम विभागीय अफसरों की देखरेख में होगा।
गांवों में ओडीएफ की अलख जगाने को 19 टीमों का गठन कर लिया है। टीम को गांव में पहुंचाने के लिए प्रत्येक ब्लॉक पर वाहन तैनात कर दिए हैं। जल्द ही टीम गांव में पहुंचकर ग्रामीणों को खुले में शौच न करने और शौचालय का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेंगी। - अमरजीत सिंह, डीपीआरओ