शिवालयों में आज उमड़ेंगे श्रद्धालु, सुरक्षा चाक चौबंद
सावन माह का दूसरा सोमवार आज है। ऐसे में शिवालयों पर आज शिवभक्त जलाभिषेक करेंगे। वहीं दूसरी ओर हरिद्वार कांवड़ लेने जाने वाले शिवभक्तों का जोश चरम पर है और वह बम-बम भोले केे जयकारों के साथ रवाना हो रहे हैं।
सावन माह के सोमवार को व्रत रखकर जलाभिषेक करने का विशेष महत्व है। माह के पहले सोमवार को शिवालयों में पूरा दिन भक्तों ने जलाभिषेक किया था।
वहीं अब दूसरा सोमवार आज है और शिवभक्तों ने जलाभिषेक करने के लिए तैयारी करनी शुरू कर दी है। भक्त सुबह ही शिवालयों में पहुंचना शुरू हो जाएंगे और जलाभिषेक कर मन्नत मांगेंगे।
इसे लेकर मंदिरों की प्रबंधन कमेटी ने पहले ही तैयारी कर ली थी और विशेष प्रबंध किए गए हैं। प्रतिष्ठित मंदिरों पर मेले आदि भी लगेंगे और दुकान लगाने वाले रविवार शाम को ही पहुंचना शुरू हो गए थे।
वहीं हरिद्वार कांवड़ लेने के लिए शिवभक्त रोजाना रवाना हो रहे हैं। उन्हें हरिद्वार पहुंचाने के लिए रोडवेज की बसें भी रवाना हो रही हैं।
एआरएम एसपी सिंह ने बताया कि शनिवार की रात्रि और रविवार की शाम तक 28 बसें शिवभक्तों को लेकर हरिद्वार को रवाना हुई। उन्होंने यह भी बताया कि हरिद्वार को बसों का संचालन 19 जुलाई तक जारी रहेगा।
सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों पर जलाभिषेक के दौरान कड़ी सुरक्षा रहेगी। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से पहले ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम के लिए अपनी तैयारी कर ली गई थी।
शिवालयों पर सुरक्षा के प्रबंध करने के लिए जिले के सभी थानों को पहले ही अलर्ट जारी कर दिया गया था। एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि शिवालयों और कांवड़ मेलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस तैयार है।