15 साल पुराने 280 पेट्रोल वाहनों का पंजीकरण रद्द
- फोटो : ब्यूरो
परिवहन विभाग ने 15 साल पुराने 280 पेट्रोल वाहनों का पंजीकरण रदद कर दिया है। पर्यावरण पर बढ़ते प्रदूषण के खतरे को लेकर यह पंजीकरण रदद करने की कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही डीजल के 2780 वाहनों को एनसीआर के भेज दिया गया है।
एनजीटी ने 10 साल पुराने डीजल वाहन और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को एनसीआर से बाहर करने का आदेश दिया था। इसी क्रम में पुराने वाहनों को गैर जनपद पंजीकृत कराने के लिए एनओसी जारी की जानी थीं। 15 साल पुराने पेट्रोल और 10 साल पुराने डीजल वाहनों का पंजीकरण रदद होना था।
जनपद में 17 हजार पेट्रोल और 20 हजार डीजल वाहन पुराने हैं। एनजीटी की सख्ती के बाद परिवहन विभाग के अफसरों ने 280 पेट्रोल वाहनों का पंजीकरण रदद कर दिया है। 2780 डीजल वाहनों को एनओसी जारी कर एनसीआर से बाहर भेज दिया है। 10 साल पुराने डीजल वाहन और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों से निकला धुंआ पर्यावरण में जहर घोल रहा है।
हवा में 777 माइक्रोग्राम पहुंचा प्रदूषण
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा लिए गए हवा के नमूनों से ज्ञात हुआ है कि धुंध के दौरान हवा में प्रदूषण के कण 777.82 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर तक पहुंच गए। आम दिनों में हवा में प्रदूषण 100 से 150 माइक्रोग्राम के बीच रहता है।
खासबात यह है कि दीवाली पर वायु प्रदूषण का ग्राफ बढ़कर 250 से 300 माइक्रोग्राम के बीच पहुंच जाता है। इस बार सभी रिकार्ड तोड़ प्रदूषण का ग्राफ 777.82 माइक्रोग्राम तक जा पहुंचा। सीएमओ दीपक ओहरी का कहना है कि वायु प्रदूषण का दुष्प्रभाव बाद में दिखेगा।
280 पेट्रोल वाहनों का पंजीकरण रदद कर दिया है। 2780 वाहन स्वामियों को एनओसी जारी कर दी गई। ये वाहन एनसीआर से बाहर जनपदों में पंजीकृत कराए गए हैं। पंजीकरण के निरस्तीकरण और एनओसी जारी करने में तेजी लाई जाएगी। सुरेंद्र सिंह, एआरटीओ प्रशासन