व्यापारी को नशीला पदार्थ सुंघाकर लूटा
चार दिन पहले एक व्यापारी को बदमाश नशीला पदार्थ सुंघाकर घर में रखी नकदी और जेवरात लूटकर ले गए। अगले दिन सुबह उसने जानकारी पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने तीन दिन तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की साथ ही मीडिया को बताने पर धमकी दी। मामला मीडिया तक पहुंचा तो पुलिस ने तहरीर ले ली है।
गांव जगतपुर उर्फ सुल्तानपुर निवासी तेजपाल सिंह पुत्र कृपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह इंवर्टर-बैट्रा सप्लाई का काम करता है। ककोड़ से बुलंदशहर मार्ग पर दुकान भी है। आठ जुलाई की रात करीब डेढ़ बजे पत्नी सुधा और दो बच्चों के साथ घर पर सोया हुआ था।
तेजपाल ने बताया कि सुबह देर से उठा। तभी जोर की बदबू आने लगी। सिर भी चकरा रहा था और तबीयत खराब थी। तेजपाल ने बताया कि किसी ने उसके ऊपर स्प्रे छिड़क दिया था। आंख खुलने पर देखा कि घर के दरवाजे खुले पड़े थे और सामान बिखरा पड़ा था।
बदमाश घर से 25 ग्राम सोना, कानों के झुमके, कानों के टॉप्स, एक टीका, गले के पैंडिल, तीन अंगूठी, 10 तोला चांदी की पाजेब, एक तगड़ी, एक जोड़ी बिछुआ, सात चांदी के सिक्के, 35 हजार रुपये नकदी ले गए है।
पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने चार दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। अब मनमाफिक चोरी की तहरीर लिखवाई है। चौकी प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि वारदात संदिग्ध है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।