हजारों किसानों पर कार्रवाई की तलवार
जिले की नहरों और रजवाहों में पानी छोड़ दिया गया है, लेकिन अवैध रूप से कुलावे खोल देने और कटान कर सिंचाई करने से पानी टेल तक नहीं पहुंच रहा। ऐसा करने वाले हजारों किसानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सिंचाई विभाग की ओर से जिले की नहरों और रजवाहों में पानी छोड़ने की योजना काफी समय पहले बना ली गई थी। यह अलग बात रही कि अफसरों ने नहर और रजवाहों की सफाई को विशेष ध्यान नहीं दिया।
मानसून की बारिश शुरू होते ही जिले की नहरों व रजवाहों में पानी पहुंच गया, लेकिन यह पानी टेल तक नहीं पहुंचा। इसका कारण यह है कि अधिकतर स्थानों पर किसानों ने अवैध रूप से कुलावे डालकर और कटान कर सिंचाई करना शुरू कर दिया है।
इसके चलते किसान विभाग को पलीता भी लगा रहे हैं। शिकायत पर अफसरों ने अवैध रूप से कुलावे व कटान कर सिंचाई करने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
इसके लिए विभागीय अफसर और बाबुओं को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए राजस्व को पलीता लगाने वाले किसानों की सूची बनाने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं दूसरी ओर सिंचाई विभाग के एक्सईएन रविंद्र चौधरी का कहना है कि जिले की नहरों और रजवाहों पर पानी छोड़ दिया गया है।
शिकायत मिल रही है कि किसानों ने जगह-जगह कुलावे डालकर और कटान कर फसलों की सिंचाई करनी शुरू कर दी है। ऐसी शिकायत मिलने पर उन्होंने विभागीय अफसरों और बाबुओं को अवैध रूप से कटान करने वाले किसानों की सूची बनाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
जल्द ही किसानों की सूची तैयार कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।