संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 13,998 शौचालय बनेंगे। जिस पर 16.79 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च होगी। 2023-24 के लिए शासन से नए शौचालय बनवाने का लक्ष्य मिला है, ताकि किसी भी परिवार का सदस्य खुले में शौच के लिए न जाए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब जिले में कोई भी परिवार शौचालय विहीन नहीं रहेगा।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत जिले अब तक 2.75 लाख से अधिक शौचालयों का निर्माण हो चुका है। अब स्वच्छ भारत मिशन के ओडीएफ प्लस टू में गांवों को खुले में शौच से मुक्त करने को लेकर लगातार कवायद की जा रही है। गांवों को ओडीएफ करने के लिए कई तरह की योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं। ओडीएफ प्लस गांव यानि कि ऐसा गांव जहां खुले में शौच पर पूर्ण पाबंदी हो और ग्राम पंचायत में कम से कम एक सामुदायिक शौचालय हो। इसके अलावा गांव के सभी घरों के साथ-साथ प्राथमिक विद्यालय, पंचायत घर और आंगनबाड़ी केंद्र में शौचालय की सुविधा होना जरूरी है।
गांवों में हर घर शौचालय को लेकर भी काफी जोर है। इसे देखते हुए जिले में वर्ष 2023-24 में कुल 13,998 शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पात्र लाभार्थियों के खाते में कुल 12 हजार की धनराशि भेजी जाएगी। जिला पंचायती राज अधिकारी डा. प्रीतम सिंह ने बताया कि अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है और लाभार्थियों के खाते में पीएफएमएस (पब्लिक फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम) माध्यम से धनराशि भेजी जाती है। इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।