लेखाधिकारी ने निलंबित शिक्षक का जारी कर दिया वेतन
बुलंदशहर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के वित्त एवं लेखाधिकारी ने खेल कर निलंबित शिक्षक को वेतन जारी कर दिया। मामला जब सीडीओ के पास पहुंचा तो उनके आदेश पर बीएसए ने लेखाधिकारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा हैै। यह मामला गुलावठी स्थित एक सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल का है।
काफी समय पहले गुलावठी निवासी हरिश्चंद रवि एडवोकेट ने बेसिक शिक्षा विभाग के एडी सहित अन्य अधिकारियों को शिकायत दी थी कि गुलावठी स्थित हरिजन जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक अजय कुमार ने फर्जीवाड़ा कर नौकरी पाई है। शिकायत मिलने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया था। यह शिकायत तत्कालीन सीडीओ को भी प्राप्त हुई थी। बीएएस द्वारा विभाग के उच्च अधिकारियों के अलावा सीडीओ के आदेश पर एबीएसए गुलावठी और सिकंदराबाद से जांच करवाई थी। जांच में शिकायत सही पाई गई थी। इस पर सीडीओ ने प्रधानाध्यापक को निलंबित करने के लिए बीएसए को आदेश जारी किए थे। बीएसए ने उसे निलंबित कर दिया था। अब इसमें विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी ने खेल कर निलंबित प्रधानाध्यापक अजय कुमार का करीब दो साल तक निलंबित रहने के बाद 16 लाख 80 हजार 530 रुपये का वेतन जारी कर दिया। इसका पता लगते ही हरिश्चंद रवि एडवोकेट ने फिर से शिकायत कर दी। मामला डीएम तक भी पहुंचा और इसकी जांच के लिए सीडीओ को आदेश दिए गए। सीडीओ ईशा दुहन ने बीएसए को आदेश जारी किए कि वित्त एवं लेखाधिकारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाए। साथ ही निलंबित शिक्षक को वेतन के रूप में जारी की गई राशि की रिकवरी की जाए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अम्बरीष कुमार ने बताया कि सीडीओ के निर्देश वित्त एवं लेखाधिकारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांग लिया है। साथ ही निलंबित शिक्षक से जारी वेतन की राशि की भी रिकवरी के निर्देश दिए गए हैं।