मीडिया के सामने आए परिजन तो हो गई डेविड की गिरफ्तारी
बुलंदशहर। स्याना बवाल प्रकरण में शनिवार को पुलिस ने आरोपी डेविड व एक अन्य आरोपी राहुल को दबोच लिया। डेविड के परिजनों ने शुक्रवार को मीडिया के सामने डेविड को अवैध रुप से हिरासत में रखने का पुलिस पर आरोप लगाया था। शनिवार को पुलिस ने डेविड और राहुल की गिरफ्तारी स्याना के हापुड़ अड्डे से दिखाई है।
स्याना बवाल प्रकरण में शनिवार को एक और नया मोड़ सामने आया। पिछले आठ दिन से डेविड के लापता होने के बाद शनिवार को पुलिस ने एक अन्य आरोपी राहुल के साथ उसे स्याना के हापुड़ अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को डेविड के परिजनों ने आरोप लगाया था कि बवाल के बाद डेविड कहीं चला गया था। 14 दिसंबर को पुलिस ने डेविड को रबूपुरा के एक गांव निवासी उसकी बहन के घर से उठा लिया था। इसके बावजूद पुलिस न तो उसकी गिरफ्तारी दिखा रही थी न ही परिजनों को उससे मिलने दिया जा रहा था। वहीं, पुलिस मामले में डेविड के बारे में शुक्रवार शाम तक कोई भी जानकारी होने से इंकार कर रही थी। जबकि शनिवार को पुलिस का कहना है कि दोपहर में स्याना पुलिस को सूचना मिली कि बवाल का आरोपी डेविड पुत्र महीपाल निवासी गांव चिंगरावठी व राहुल पुत्र भीमसेन निवासी गांव हरवानपुर हापुड़ बस स्टैंड पर मौजूद हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। स्याना थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि डेविड और राहुल की शिनाख्त वीडियो फुटेज के आधार पर की गई थी। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में अब तक कुल 28 आरोपी जेल जा चुके हैं, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।