ट्रैक पर दौड़ीं दस दिन से रद्द गोमती समेत चार ट्रेन
खुर्जा जंक्शन। 12 दिनों से रद्द चल रहीं गोमती समेत चार ट्रेनें बुधवार से दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग दौड़ने लगी हैं। कानपुर-पनकी स्टेशन के बीच ट्रैक पर इंटरलॉकिंग का काम होने के कारण रेलवे ने इन ट्रेनों को रद्द कर दिया था। ट्रेनों का संचालन शुरू होने से यात्रियों को काफी राहत मिली है।
गौरतलब है कि कानपुर और पनकी स्टेशन के बीच ट्रैक पर इंटरलॉकिंग का काम 13 सितंबर से शुरू हुआ था। इसके कारण रेलवे ने 13 सितंबर से 25 सितंबर तक तक दिल्ली-लखनऊ गोमती एक्सप्रेस, अलीपुर द्वार-पुरानी दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस, इलाहाबाद-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस और मालदा-भिवानी फरुक्का एक्सप्रेस अपडाउन को रद्द कर दिया था। 12 दिनों के लिए चारो ट्रेनों के रद्द किए जाने से यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। लेकिन इंटरलाकिंग का काम पूरा होने के बाद बुधवार से ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया। इससे यात्रियों ने काफी राहत महसूस की। स्टेशन अधीक्षक पीके गुप्ता ने बताया कि डीआरएम इलाहाबाद से ट्रेनों को रद्द किया गया था। बुधवार से ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया।