हड़ताल समाप्त, गुलजार हुई अनाज मंडी
सिकंदराबाद। हड़ताल समाप्ति के बाद बुधवार को अनाज मंडी एक बार फिर से गुलजार हो गई। मंडी में आम दिनों के मुकाबले अधिक चहल-पहल दिखाई दी।
अनाज मंडी स्थित प्याऊ की भूमि पर कब्जे के विरोध में शनिवार रात में हथियारबंद हमलावारों ने पुलिस की मौजूदगी में व्यापारियों के साथ मारपीट, फायरिंग की थी। पुलिस ने चौकी प्रभारी समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। चौकी प्रभारी के निलंबन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अनाज मंडी व्यापारियों ने बेमियादी हड़ताल की घोषणा की थी। मंगलवार को समाधान दिवस में डीएम डा. रोशन जैकब, एसडीएम डा. शुभी काकन के आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर व्यापारियों ने हड़ताल समाप्त की। बुधवार को आम दिनों की तरह अनाज मंडी खुली। तीन दिन बाद मंडी खुलने से व्यापारियों की दुकान पर फुटकर विक्रेताओं और फसल बेचने के लिए किसानों का तांता लगा रहा। वहीं मंडी समिति निरीक्षक भूपेंद्र सिरोही का कहना है कि मंडी बंद रहने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उधर, गल्ला व्यापार समिति अध्यक्ष मनोज कुमार का कहना था कि यदि व्यापारियों को न्याय नहीं मिला, तो अनाज मंडी व्यापारी फिर से हड़ताल पर जाएंगे।