पुराने आवेदन पत्र से हो रहा स्वास्थ्य परीक्षण
बुलंदशहर। अमरनाथ यात्रा 2018 करने वाले यात्रियोें को स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए पुराना आवेदन पत्र दिया जा रहा है। यात्रा पर जाने से पूर्व यात्रियों को रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कड़ी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। इस प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए श्रद्घालुओं को यमुनापुरम स्थित पंजाब नेशनल बैंक से अमरनाथ साइन बोर्ड द्वारा जारी स्वास्थ्य परीक्षण के लिए 2016 का आवेदन पत्र दिया जा रहा है। आवेदन पुराना होने के बाद भी बैंक अधिकारियों की अनदेखी को चिकित्सा अधिकारी भी अनदेखा कर रहे हैं और दो वर्ष पुराने स्वास्थ्य प्रमाण पत्र 2016 पर ही श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं। बैंक के मैनेजर प्रभात चंद्रा ने बताया कि बुधवार तक 250 से अधिक श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन पुराना नहीं है, बल्कि योजना 2016 से शुरू की गई है। इसी पर आवेदन लिए जा रहे हैं। उधर, प्रभारी सीएमएस डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की कोई जानकारी नहीं है। ब्यूरो