अनूपशहर। कोतवाली क्षेत्र के गांव मौजपुर निवासी विवेक से उसके भाई की अग्निवीर भर्ती में मेडिकल पास कराने के नाम पर जहांगीराबाद निवासी आरोपी ने 1.20 लाख रुपये की ठगी कर ली।
मेडिकल में अनफिट होने पर पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की। मामले में अब अनूपशहर पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर नामजद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में पीड़ित विवेक ने बताया कि उनका छोटा भाई अभिषेक सहारनपुर में अग्निवीर भर्ती देखने के लिए 23 दिसंबर को गया था।
24 दिसंबर को मेडिकल पास कर लिया और उसका 25 को मेडिकल में शारीरिक मापदंड था। इसी दिन जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव मैथना निवासी मोहित ने पीड़ित को फोन मिलाकर कहा कि उसे जानकारी है कि अभिषेक अग्निवीर भर्ती देखने गया है। साथ ही आरोपी ने कहा कि उसकी भर्ती में एक सूबेदार से अच्छी जान पहचान है। आरोपी ने उनके भाई का मेडिकल फिट कराने की बात कही। इसके एवज में उसने 1 लाख 20 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद पीड़ित ने आरोपी की बातों पर विश्वास कर 40 हजार उसके खाते में ऑनलाइन डाल दिए और 80 हजार रुपये पीड़ित के मामा के यहां भेज दिए। लेकिन, मेडिकल में उनका भाई पास नहीं हो पाया।
इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। उसने युवक को फोन मिलाकर अपने पैसे वापस मांगे तो उसने पैसे देने से मना कर दिया और भविष्य में फोन करने पर मारने की धमकी दी।