संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। स्कूल-कॉलेज में बिना फिटनेस के वाहनों का संचालन किया जा रहा है। पिछले दिनों 116 स्कूली वाहन संचालकाें को संभागीय परिवहन विभाग ने नोटिस जारी किया। अब स्कूल-कॉलेज में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने वाला है। बिना फिटनेस जांच के वाहन संचालित मिलने पर संबंधित पर जुर्माना लगाने के साथ सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ प्रशासन सतीश कुमार ने बताया कि अप्रैल माह से सभी स्कूल-कॉलेज का नया शैक्षणिक सत्र शुरु होगा। ऐसे में स्कूली वाहन भी संचालित होंगे। गत वर्ष 2023-24 में 116 स्कूल वाहन संचालकों द्वारा फिटनेस नहीं कराई गई। इन वाहन संचालकों को फिटनेस जांच कराने के लिए नोटिस जारी किए गए। इनमें कुछ वाहन संचालक फिटनेस करवा चुके हैं। अब नए सत्र शुरु होने पर जिन वाहनों की फिटनेस पास होगी, वहीं, संचालित होने दिए जाएंगे। जिन वाहनों की फिटनेस या परमिट नहीं होगा, उन्हें सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।