किसानों के धरने का जाट आरक्षण समिति ने किया समर्थन
-फ्रेट कॉरिडोर के लिए अधिग्रहीत जमीन के मुआवजे को लेकर चल रहा आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
खुर्जा जंक्शन। भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने फ्रेट कॉरिडोर के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर चल रहे किसानों के आंदोलन का समर्थन किया है। शुक्रवार को मदनपुर गांव में किसानों के बीच पहुंचे समिति के प्रदेश अध्यक्ष जगतवीर सिंह सिरोही ने किसानों का सहयोग करने की बात कही।
बता दें कि फ्रेट कॉरिडोर के लिए अधिग्रहित जमीन के उचित मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन काफी दिनों से चल रहा है। हाल ही में मदनपुर गांव में हुई पंचायत में किसानों ने 8 जुलाई के बाद बुलंदशहर जिला मुख्यालय घेरने का अल्टीमेटम भी दिया था। शुक्रवार को मदनपुर गांव पहुंचे भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष जगतवीर सिंह सिरोही ने कहा कि फ्रेट कॉरिडोर के लिए अधिग्रहित जमीन के लिए उचित मुआवजे की मांग जायज है। वह भी आंदोलनरत किसानों से कंधा से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ेंगे। इस दौरान किसानों ने फ्रेट कॉरिडोर निर्माण कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान केहर सिंह, बब्बन सिंह, वीर सिंह, ओंकार सिंह, सुबोध, सुनील, जयसिंह, सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।