ट्रेन से कटकर युवक ने दी जान
-दोसपुर फाटक रेलवे केबिन के पास सिर कटा शव मिला
-परिजनों के मुताबिक रात घर न आने पर कर रहे थे उसकी तलाश
खुर्जा जंक्शन। दोसपुर फाटक के पास ट्रेन से कटकर एक युवक ने अपनी जान दे दी। सुबह सिर कटा शव देखकर लोगों में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रात को घर न आने पर परिजन उसकी तलाश में भटक रहे थे।
दोसपुर फाटक स्थित रेलवे केबिन के पास ट्रैक किनारे क्षेत्र के लोगों ने युवक का शव देखा। स्थानीय लोगों के मुताबिक उसका सिर धड़ से अलग था। ढूंढते हुए परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव की शिनाख्त बुलंदशहर के शादीपुर गांव निवासी कालीचरन पुत्र हेमंत दत्त के रूप में की। परिजनों ने बताया कि कालीचरन घर से बाइक लेकर सोमवार को अपने ननसार गया था। उसके बाद से घर नहीं पहुंचा। उसकी तलाश में परिजन इधर-उधर भटक रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने किसी बात को लेकर ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। हालांकि उसकी बाइक अभी तक नहीं मिली है। जीआरपी प्रभारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अलीगढ़ भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थित स्पष्ट हो सकेगी।