बुलंदशहर। जिले में व्यावसायिक के बजाए घरेलू उपभोक्ता अधिक संख्या में बकाएदार हैं। स्थिति यह है कि चार किलोवाट से कम क्षमता के कनेक्शन वाले बकायेदारों पर जिले में 395 करोड़ रुपये का बिल बकाया है। जबकि 75 किलोवाट से अधिक क्षमता कनेक्शन वाले बकायेदारों पर 10.03 करोड़ रुपये का बिल बकाया है।
शासन ने बकायेदारों को बिल चुकाने के लिए ओटीएस (एकमुश्त समाधान) योजना लागू की है। ओटीएस योजना में सबसे अधिक 2.76 लाख घरेलू उपभोक्ताओं (चार किलोवाट तक) पर विभाग का 394.65 करोड़, 10 हजार वाणिज्यिक श्रेणी (75 किलोवाट से कम) उपभोक्ताओं पर विभाग का 24.13 करोड़ और औद्योगिक उपभोक्ताओं (75 किलोवाट से अधिक) वाले 874 उपभोक्ताओं पर 11.30 करोड़ रुपये का बिल बकाया है।
ओटीएस योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को 10 और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को चार किस्तों में बकाया बिल जमा करने की सुविधा भी मिलेगी। हालांकि सितंबर 2024 तक जिन उपभोक्ताओं पर पांच हजार से अधिक का बिल बकाया है, उन्हें पहले चरण में आवेदन के बाद 60, दूसरे चरण में 50 और तीसरे चरण में 40 फीसदी सरचार्ज पर छूट दी जाएगी। वहीं, एक किलोवाट से अधिक क्षमता वाले घरेलू उपभोक्ताओं को एकमुश्त कराने पर पहले चरण में 60, दूसरे में 50 और तीसरे में 40 फीसदी सरचार्ज पर छूट दी जाएगी तो वहीं चार किस्तों में बिल भुगतान करने पर क्रमशः 50, 40 और 30 फीसदी की छूट दी जाएगी।
कैश काउंटर, सीएससी से कराया जा सकता है पंजीकरण
ओटीएस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र उपभोक्ता ऊर्जा निगम के कैश काउंटर, सीएससी, वेब सेल्फ सर्विस के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद बिल जमा ही नहीं किया है यदि वह जन सेवा केन्द्र, विद्युत सखी, फिनटैक प्रतिनिधि एवं बिलिंग एजेंसी के मीटर रीडर से पंजीकरण कराते हुए भुगतान करते हैं तो इसके लिए मीटर रीडर को प्रोत्साहित करने के लिए 10 फीसदी कमीशन दिया जाएगा।
खंडवार बकायेदार उपभोक्ताओं का विवरण
खंड का नाम कुल बकाएदार बकाया
खुर्जा 52,589 134.23 करोड़
षष्टम 28,452 26.69 करोड़
शहरी 16,517 22.25 करोड़
प्रथम 17,688 18.47 करोड़
स्याना 34,699 37.41 करोड़
पंचम 27,848 47.07 करोड़
तृतीय 33,459 59.67 करोड़
जहांगीराबाद 37,422 36.19 करोड़
डिबाई 39,239 48.03 करोड़
कुल 2,87,914 430.06 करोड़
Iओटीएस योजना तीन चरणों में लागू की जाएगी। 15 दिसंबर से पहला चरण शुरू किया जाएगा। घरेलू उपभोक्ताओं से बकाया बिल वसूली के लिए टीम जल्द ही मैदान में उतारी जाएंगी। - राजीव अग्रवाल, मुख्य अभियंता, ऊर्जा निगमI