रंगपुर गांव में घर के अहाते में बंधी भेड़ों पर जंगली जानवर ने हमला कर 11 भेड़ों को मार डाला और 5 को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने जांच में जंगली जानवर के हाईना (लकड़बग्घा) होने की आशंका जताई है। पुलिस ने भेड़ों का पोस्टमार्टम कराया है।
विधायक गुड्डू पंड़ित ने पीड़ित को 20 हजार की मदद दी है। सलेमपुर थाना क्षेत्र के रंगपुर गांव निवासी ऋषिपाल बाल्मीकि अपने अहाते में दो दर्जन से अधिक भेड़ पाल रखा है।
रविवार रात वह भेड़ों को अहाते में बांधकर थोड़ी दूरी पर घर में सो रहे थे। जब सोमवार सुबह तड़के वह भेड़ों को चारा खिलाने के लिए अहाते में पहुंचे तो भेड़ों की लहूलुहान लाशें देख कांप उठे।
उनकी 11 भेड़ लहूलुहान हालत में मृत पड़ीं थीं। जबकि पांच भेड़ें घायल अवस्था में तड़प रहीं थीं। सूचना के बाद थाना पुलिस व वन विभाग के खंड अधिकारी सुखवीर सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल भी 7 मार्च की रात जंगली जानवर ने इसी तरह भेड़ों पर हमला कर 16 भेड़ें मार डालीं थीं और सात घायल हो गईं थीं।