डेडीकेटिड फ्रेट कॉरीडोर प्रोजेक्ट (डीएफसीसी) के तहत मऊखेड़ा फाटक पर रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा। सेतु निगम ने निर्माण के क्रम में बोर्ड लगा दिए हैं। इसके बनने से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।
डेडीकेडिट फ्रेट कॉरीडोर प्रोजेक्ट क ेतहत जिले की सीमा में एक ओर रेलवे ट्रैक (हापुड़ वाले ट्रैक के बराबर मेें) बिछाया जाना है। एक ट्रैक पर मालगाड़ियां और दूसरे ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन रहेगा। ट्रेनों का आवागमन बढ़ने से मऊखेड़ा फाटक पर जाम की समस्या बढ़ जाएगी।
शहर को इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए मऊखेड़ा फाटक पर ओवर ब्रिज का निर्माण होगा। रेलवे की ओर से रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण की स्वीकृ़ति प्रदान कर दी गई है। सेतु निगम ने मऊखेड़ा क्रासिंग के पास निर्माण संबंधी बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। जल्द रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
ट्रैफिक का भार होगा कम
ओवर ब्रिज का निर्माण होने से गुलावठी, हापुड़, मेरठ और धौलाना जाने वाले मुसाफिर अंदर शहर में जाने के बजाए डीएम रोड से मऊखेड़ा ओवर ब्रिज पर चढ़ेंगे और जैनपुर के पास एनएच-235 पर चढ़ जाएंगे।
इससे दिल्ली रोड, भूड़ चौराहा और काला आम पर लगने वाला जाम काफी हद तक खत्म हो जाएगा। मऊखेड़ा फाटक के आसपास वेयर हाउसिस भी बनाए जाएंगे। मऊखेड़ा सेंटर से मालगाड़ियों में माल लादा और उतारा जाएगा।
जिले में बनेंगे चार नए बिजलीघर
जनपद में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिले में चार नए बिजलीघरों का निर्माण किया जाएगा। बिजलीघरों का निर्माण नगर क्षेत्र के सटे गांव उटरावली, सिकंदराबाद, बुलंदशहर और डिबाई में किया जाएगा।
इन सभी बिजलीघरों का निर्माण आरएपीडीआरपी योजना से कराया जाएगा। बिजलीघरों की निर्माण प्रक्रिया मार्च माह से शुरू कर दी जाएगी। इन बिजलीघरों का निर्माण मार्च 2018 तक पूरा किया जाएगा। एसई संजीव राना ने बताया कि चारों बिजलीघरों के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। जल्द ही निर्माण प्रक्रिया शुरू कर ली जाएगी।
पालिका से बाहर की कॉलोनियां भी चमचमाएंगी
नगर पालिका सीमा क्षेत्र से बाहर की कॉलोनियों के भी जल्द ही दिन बदलने वाले हैं। नगर पालिका द्वारा सीमा क्षेत्र से बाहर की कॉलोनियों में भी विकास कार्य कराए जाएंगे। विकास का खाका पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। कई कॉलोनियों में विकास कार्य शुरू कर दिए गए हैं, जबकि बाकी कॉलोनियों में होली के बाद विकास कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।
नगर पालिका सीमा क्षेत्र से बाहर करीब 18 कॉलोनियों में पालिका करीब 12 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कॉलोनियों में सड़क, नाली, नाले, फुटपाथ आदि का निर्माण कराया जाएगा। नगर की बीसा कॉलोनी, आवास विकास द्वितीय, सूर्यनगर, न्यू राज नगर, मोहनकुटी, कांशीराम आवासीय कॉलोनी, रामा एंक्लेव, अंबा कॉलोनी आदि कॉलोनियों में विकास कार्य कराए जाएंगे।
नगर पालिका द्वारा इन कॉलोनियों में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, नालियों का निर्माण, नालों का निर्माण, सड़क किनारे फुटपाथ का निर्माण आदि कराया जाएगा। कई कॉलोनियों में प्रस्ताव पास कर विकास कार्य पहले ही शुरू कर दिए गए हैं, जबकि बाकी कॉलोनियों में होली के बाद विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। इसके अलावा आगामी बोर्ड बैठक में भी इन कॉलोनियों में विकास कार्य को लेकर प्रस्ताव पास किए जाएंगे।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एके सिंह ने बताया कि क्षेत्र से बाहर कई कॉलोनियों में विकास कार्य शुरू कर दिए गए हैं, जबकि बाकी कॉलोनियों में होली के बाद प्रस्ताव पास कर विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। आगामी बोर्ड बैठक में भी इनमें विकास कार्यों को लेकर प्रस्ताव पास किए जाएंगे।