खुर्जा के औरंगा गांव स्थित डेरी में छापा मारने के बाद जांच करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी
खुर्जा। औरंगा गांव में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने दूध में पाम ऑयल मिलाकर पनीर बनते हुए पकड़ा। मौके से ढाई लाख रुपये की कीमत का दस क्विंटल पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया। साथ ही तीन नमूने लेकर जांच को भेजे। पहासू की एक फैक्टरी से पांच पदार्थों के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर शुक्रवार को खुर्जा के औरंगा गांव में संजय की पनीर फैक्टरी पर छापा मारा गया। जहां पर पाम ऑयल मिलाकर पनीर बनते पाया गया।
ऐसे में फैक्टरी में मौजूद सभी मिलावटी पनीर को नष्ट कराया गया। मौके से पनीर और पामोलीन तेल के नमूने लिए गए।
इसके अलावा पहासू के दीघी गांव में दीपक गुप्ता पनीर फैक्टरी में निरीक्षण किया गया। जहां पर पनीर और दुग्ध उत्पाद गंदी जगह पर रखे थे, जिसको लेकर फैक्टरी मालिक को गंदगी को लेकर नोटिस दिया गया और निर्माण पर रोक लगाई गई। साथ ही संदेह के तौर पर पनीर, घी, मावा, दूध व मिल्क पाउडर के कुल पांच नमूने लिए गए।
सहायक आयुक्त ने बताया कि दोनों जगह से कुल आठ नमूने लिए गए हैं। नमूने राजकीय प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं।
रिपोर्ट मिलने पर फैक्टरी मालिकों पर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कमलेश कुमार, अनिल कुमार कौशल, पंकज वर्मा, मुनेंद्र सिंह राना, संजीत कुमार, बिहारीलाल शुक्ला आदि मौजूद रहे।