मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय वाली खबर के लिए फोटो
बुलंदशहर। अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव मुमरेजपुर में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बनेगा। यह विद्यालय पूरी तरह से आधुनिक होगा। इनका निर्माण कराने के लिए शासन की ओर से 10 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। विभाग की ओर से शासन से मिली राशि से स्कूल का निर्माण कराने की तैयारी शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों में कक्षा एक से इंटरमीडिएट तक के बच्चे पढ़ सकेंगे। दोनों विद्यालयों में 25 से अधिक कक्षों से युक्त एकीकृत भवन का निर्माण होगा। शौचालय युक्त स्टाफ रूम, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास रूम बनाए जाएंगे। इसमें निर्माण भूकंप रोधी तकनीक से होगा और आधुनिक अग्निशमन यंत्रों की स्थापना होगी। छात्रों को शैक्षिक एवं खेलकूद संबंधी सभी सुविधाएं मिलेगीं।
विद्यालय में सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों के लिए अलग से जमीन उपलब्ध रहेगी। मध्याह्न भोजन के लिए हॉल, रसोईघर और शौचालय का निर्माण किया जाएगा। विद्यालय में शौचालय पर्यावरण के अनुकूल उच्चीकृत होंगे और बच्चों के लिए साइकिल स्टैंड एवं पार्किंग बनेगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गांव मुमरेजपुर में बन रहे विद्यालय के निर्माण के लिए पहली किस्त में 10 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। शेष राशि भी जल्द मिलने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि अरनिया क्षेत्र के गांव जहानपुर में भी मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य जारी है। इसके निर्माण को पूरा कराने के लिए शासन से पिछले दिनों 10 करोड़ रुपये की राशि मिली थी। इस विद्यालय का निर्माण तेज गति से चल रहा है। जल्द ही पूरा होने की संभावना है।