उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नेशनल हाईवे पर मां-बेटी के साथ गैंगरेप की घटना ने देश में सनसनी मचा दी है। गाड़ी से उतारकर बंदूक की नोंक पर बदमाशों ने जिस तरह इस घिनौनी हरकत को अंजाम दिया उससे राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
सरकार और पुलिस पर उंगलियां उठी तो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने डेमेज कंट्रोल के लिए एसएसपी और दो सीओ समेत सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर डाला। मुख्यमंत्री यह संदेश देना चाहते थे कि इस गंभीर मुद्दे पर वह किसी रियायत के मूड में नहीं हैं। लेकिन जनता मुख्यमंत्री के इस फैसले से अभी संतुष्ट नजर नहीं आ रही।
यह बात सामने आई अमर उजाला डॉटकॉम द्वारा करवाए गए ऑनलाइन पोल में। अमर उजाला ने पोल में पाठकों से पूछा था, 'क्या आप बुलंदशहर गैंगरेप केस में अखिलेश यादव की त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट हैं?' इस पोल में 5000 से अधिक लोगों ने अपनी राय जाहिर की।
पोल में शामिल 68 फीसदी से अधिक पाठकों ने कहा कि वो बुलंदशहर प्रकरण में अखिलेश यादव की त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। यानि कुल 5,160 में से 3516 के करीब लोग मुख्यमंत्री अखिलेश की कार्रवाइ से संतुष्ट नजर नहीं आए।
जबकि 29 फीसदी लोगों ने कहा कि वो इस प्रकरण पर मुख्यमंत्री के लिए एक्शन से संतुष्ट हैं। करीब 3 फीसदी लोग इस घटना से सन्न रह गए हैं और उन्होंने कहा कि वह इस सवाल पर कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है।