बदायूं। मूसाझाग क्षेत्र के गांव मोहम्मद नगर सुलरा में गन्ने के खेत में चारा लेने गए दलित युवकों के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी हरनंदन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे अमन गौतम और अमोल गौतम गांव के ही रामदीन के खेत में भैंसों के चारे (अगौला) के लिए गन्ने की कटाई-छिलाई कर रहे थे। इसी दौरान पास के खेत का मालिक कल्लू वहां पहुंचा और गन्ना चोरी का झूठा आरोप लगाते हुए जातिसूचक गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने दोनों भाइयों की पिटाई कर दी।
जान बचाकर भागे अमन को आरोपी ने करीब 500 मीटर दौड़ाकर गन्ने से बुरी तरह पीटा। घबराकर वह पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंची युवकों की मां राजवती ने जब बीच-बचाव किया, तो आरोपी उन्हें भी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। आरोप है कि उच्चाधिकारियों से शिकायत की जानकारी मिलने पर 14 अक्टूबर की शाम आरोपी ने रास्ता रोककर फिर जान से मारने की धमकी दी। सीओ उझानी राहुल पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद