वजीरगंज। शनिवार देर रात थाना वजीरगंज क्षेत्र में बिल्सी रोड पर ब्योली मढ़ी के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने तमंदचा दिखाकर युवक से बाइक और मोबाइल लूट लिया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और बदमाशों की तलाश में अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव बैरमई बुजुर्ग निवासी लोकेश बाबू ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 10 बजे अपनी ससुराल कटसारी से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ गांव के ताऊ राम बाबू भी मौजूद थे। दोनों बाइक से वजीरगंज होते हुए बिल्सी रोड पर जा रहे थे। पीड़ित के अनुसार जैसे ही उनकी बाइक ब्योली मढ़ी से करीब आधा किलोमीटर पहले पहुंची, तभी पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया।
इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, दो बदमाश नीचे उतर आए और तमंचा तान दिया। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए लोकेश बाबू की बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। मोबाइल में उनका सिम भी लगा हुआ था। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह पास की ब्यौली मढ़ी तक पहुंचे और वहां से किसी का फोन लेकर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा, तलाश जारी है।