बदायूं। भारत सरकार की ओर से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने व घायलों की मदद करने के लिए जिले के 20 युवाओं का चयन किया जा रहा है। 20 से 28 वर्ष के युवाओं को इसके लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इसकी सूचना माई भारत एप पर परिवहन विभाग ने अपलोड की है।
एआरटीओ प्रवर्तन अमरीश कुमार ने बताया कि ऑटो, टैक्सी व ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। ‘यातायात मित्र’ योजना के तहत स्वयंसेवक जनता को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाकर यातायात सुचारू रखने और पुलिस कर्मियों को पूर्ण मनोयोग, संवेदनशीलता व अनुशासन के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यातायात माह चल रहा है, इसका उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। सीओ यातायात अशोक कुमार ने बताया कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष पेट्रोलिंग, चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाएं व ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
दोपहिया चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया चालकों के लिए सीट बेल्ट जांच अभियान चलाया जाएगा। स्कूल व कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए रैलियां और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।