उघैती। कस्बा में आढ़त के सामने सड़क किनारे सो रहे एक युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव बरवारा निवासी जितेन्द्र (30) मंगलवार की शाम साढ़े छह बजे उघैती में एक आढ़त के सामने सड़क किनारे सो रहा था। उधर से गुजर रहे ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी रुदायन भेजा गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया है। जितेन्द्र पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो छोटे बच्चे हैं, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद