जरीफनगर। जरीफनगर क्षेत्र के ग्राम भीमपुर दोस्तपुर के जंगल में सोमवार की रात खेत की जुताई कराने गए छत्रपाल की ट्रैक्टर के मडगार्ड से गिरने के बाद रोटावेटर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर जुनावई थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की सूचना दी।
जिला संभल के गांव मिठनपुर निवासी छत्रपाल (35 वर्ष) पुत्र जोगेंद्र बटाई पर खेत लेकर खेती कराते हैं। सोमवार रात करीब नौ बजे अपने खेत को जोतवाने के लिए वह ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठकर खेत पर पहुंचे थे। चालक के मुताबिक, जैसे ही ट्रैक्टर खेत पर पहुंचा, छत्रपाल ऊंची-नीची जगह पर संतुलन बिगड़ने से मडगार्ड से गिरकर पिछले पहिये के नीचे आ गए।
चालक कुछ समझ पाता, वह पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गए और बुरी तरह कट गए। हादसे से घबराए ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर को खेत में ही छोड़ दिया और सीधे थाना जुनावई (संभल) पहुंचा। वहां उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। जुनावई पुलिस की सूचना पर जरीफनगर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए बदायूं भिजवाया। परिजनों के अनुसार, उसके चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं। छत्रपाल इकलौते कमाने वाले थे, उनकी मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया है कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर आरोपों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।