पोस्टमॉर्टम हाउस मौजूद वसीम के परिजन। संवाद
बदायूं। सदर क्षेत्र के कबूलपुरा मोहल्ले में बुधवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक ने छत पर जाल में दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। युवक की मौत के बाद से परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव शेखूपुर निवासी वसीम खां (35) पुत्र नसीम खां करीब दो वर्षों से कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला कबूलपुरा में आबिद की चक्की से ऊंची ज्यारत के पास अपने बच्चों के साथ रह रहे थे। वह दिल्ली के ब्रह्मपुरी इलाके में रहकर गत्ते की फैक्टरी में डिब्बे बनाने का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण किया करते थे।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार को वसीम दिल्ली से कबूलपुरा स्थित अपने घर आए थे। शाम को खाना खाने के बाद वह छत पर चले गए। कुछ देर के बाद परिजनों के छत पर जाने पर उनके फंदे पर लटके होने की जानकारी हुई। उन्होंने छत पर लगे जाल में दुपट्टा डालकर फंदा लगाया था। परिजन उन्हें नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
सीओ सिटी एएसपी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण हैंगिंग आया है।