इस्लामनगर। कस्बे के तिरंगा चौक बिसौली सड़क स्थित एक ई-रिक्शा पार्ट्स की दुकान पर काम करने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू की है।
ललित (38) पुत्र देश राज सिंह, शाहजहांपुर के जयंतीपुर के निवासी थे। वह लगभग दो माह पूर्व अपने मौसा राज कुमार के पास नूरपुर पिनौनी आए थे। तीन दिन पहले ही ललित ने कस्बे में चांदनी ऑटो पार्ट्स नामक दुकान पर काम करना शुरू किया था, जो ई-रिक्शा चार्जिंग और किराए पर देने का भी काम करती है। शनिवार दोपहर को ललित अचानक दुकान के सामने गश खाकर गिर पड़े। दुकान मालिक मुर्सलीम उसे एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने ललित को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मुर्सलीम शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। परिजन ललित की मौत को हत्या बता रहे हैं। हालांकि, अभी तक उन्होंने पुलिस में कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। सूचना मिलने पर थाना पुलिस देर शाम करीब आठ बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।