बदायूं। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, भारत सरकार नई दिल्ली की टीम मंगलवार को शहर में पहुंचेगी। यहां सुबह नौ बजे कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बच्चों की विभिन्न समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार ने बताया कि जनपद के किसी भी बच्चे को किसी भी प्रकार की समस्या है, तो उसके अभिभावक, केयर टेकर, संरक्षक अथवा वह स्वयं ऑडिटोरियम में आकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।
आयोग की टीम द्वारा बच्चों से संबंधित विभिन्न प्रकार की समस्याओं जैसे चाइल्ड लेबर, घरेलू लेबर, एसिड अटैक, भिक्षा, खरीद-फरोख्त, स्कूल से अधिक फीस वसूली, स्कूल में अन्य प्रकार की समस्याएं, लैंगिक उत्पीड़न, कुपोषण, मिड-डे मील आदि से संबंधित समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शिविर में बच्चों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।