उझानी। खेत के चारों ओर लगी झटका मशीन की बाड़ में उतर आए करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। परिवार के लोग कार्रवाई से इन्कार कर शव घर ले गए।
हादसा शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव मानकपुर निवासी रहीम (21) पुत्र कदीर अपने खेत में फसल की सिंचाई करने के लिए खेत पर गए थे। वह नलकूप पर पहुंच पाते, उससे पहले ही उनका हाथ अपने ही खेत की मेड़ के चारों ओर लगे झटका मशीन के तारों से छू गया। करंट लगते ही रहीम झटके के साथ पड़ोस के खेत में गिर पड़े। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पड़ोसी खेत मालिक की नजर खेत पर पड़े रहीम पर पड़ी तो उन्होंने फोन करके उनके परिजनों को अवगत कराया।
पिता और भाइयों समेत परिवार के लोग भी खेत पर पहुंच गए। तारों की बाड़ में करंट कैसे उतरा, इसकी जांच की जा रही है। परिवार के लोगों ने कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया। परिवार के लोग शव लेकर घर चले गए। उन्होंने बिजली निगम के अफसरों को हादसे की जानकारी नहीं दी है।
उधर, ग्रामीणों में से कुछ लोगों ने खेत में बिजली का तार टूटा पड़ा होने का भी शोर मचाया। एसडीओ प्रशांत वार्ष्णेय ने बताया कि बिजली कर्मियों को इलाके में भेजकर तार टूटे होने की जानकारी करवा ली है। इलाके में कहीं भी बिजली का तार टूटा नहीं पड़ा है। ऐसे में खेत में करंट फैलने की बात गलत है।
गर्भवती की बिजली का करंट लगने से मौत
- एक साल पूर्व हुई थी शादी, एक माह बाद होनी थी डिलीवरी
संवाद न्यूज एजेंसी
अलापुर। गांव खरखोली बुजुर्ग में मायके में आई गर्भवती महिला की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।
गांव खरखोली बुजुर्ग निवासी बलबीर सिंह ने पुत्री मोहिनी की शादी एक वर्ष पूर्व भोरज उर्फ राज निवासी करियामई से की थी। मोहिनी गर्भवती थी। एक माह बाद उसके बच्चा होने वाला था। मोहिनी के कहने पर ससुराल वाले देखभाल के लिए उसे मायके छोड़ गए थे। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे मोहिनी पंखे का तार बिजली के बोर्ड में लगा रही थी। इसी बीच करंट लगने से वह बेहाेश गई।
घटना के समय परिवार के सदस्य बाहर बैठे हुए थे। परिजन जब घर पहुंचे तो उनको मामले की जानकारी हुई। वे उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों में मोहिनी को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। इंस्पेक्टर माधो सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस मेमो मिलने के बाद मौके पर पहुंच गई है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।