इस्लामनगर। मूंगफली बेचने वाले का मोबाइल फोन चुराते समय तीन लोगों में से एक को भीड़ ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। भीड़ ने आरोपी का सिर मुंडवाकर मुंह काला किया फिर काफी दूर तक घुमाया। जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अपनी अभिरक्षा में ले लिया। मूंगफली बेचने वाले की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है, वहीं तीसरे आरोपी को कोर्ट से जेल भेज दिया गया है।
उघैती थाना क्षेत्र के कोठा निवासी गिर्राज पास के ही गांव नूरपुर पिनौनी में मूंगफली बेचते हैं। बृहस्पतिवार को कस्बा निवासी तीन युवक उनके ठेले पर पहुंचे और मूंगफली का भाव करने लगे। इन्हीं में से एक इस्माइल पुत्र अमीर निवासी मोहल्ला भाट गिर्राज के मोबाइल की चोरी करने लगा। मोबाइल चोरी करते उसे लोगों ने देख लिया और पकड़ लिया।
दो साथी मौके से भाग निकले, लेकिन भीड़ ने इस्माइल को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। यही नहीं, उस्तरे से उसका सिर मुंडवा दिया। फिर मुंह काला कर थोड़ी दूर तक घुमाया। मौके पर थाना पुलिस पहुंच गई, जिसने इस्माइल को भीड़ से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उस पर मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि चोरी के आरोपी को जेल भेज दिया गया है। उसके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।
कोचिंग पढ़ने आए छात्र की साइकिल चुराते दो युवक धुने गए
बिल्सी। मोहल्ला संख्या दो स्थित भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज के निकट शुक्रवार की शाम कोचिंग पढ़ने आए छात्र की साइकिल चोरी करने के प्रयास में दो युवकों को कुछ लोगों ने पकड़ लिया और उनकी पिटाई लगा दी। कोतवाली पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है।
नगर निवासी छात्र दिव्यांश भारद्वाज एक शिक्षिका से कोचिंग पढ़ने आया था। नई साइकिल शिक्षिका के घर के बाहर खड़ी की। इसी दौरान बादशाहपुर के दो युवक वहां पहुंचे और साइकिल लेकर जाने लगे। आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ। पूछताछ करने पर युवक साइकिल को अपनी बताने लगा, संतोषजनक जवाब नहीं न देने पर लोगों ने साइकिल वापस लेने का प्रयास किया तो युवक ने हाथापाई शुरू कर दी।
शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों ने दोनों युवकों को पकड़कर पिटाई कर दी। सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद