बदायूं। राजकीय महाविद्यालय में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सशक्तीकरण विषय पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि अपर जिला जज शिवकुमारी ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सामाजिक सोच बदलने की आवश्यकता है। जिस दिन महिलाएं खुद को कमजोर मानना छोड़ देंगी, उस दिन वास्तविक महिला सशक्तीकरण शुरू हो जाएगा। तहसीलदार दीपक कुमार ने कहा कि शिक्षा परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम और हथियार है। उन्होंने छात्राओं को छेड़छाड़ जैसी समस्या आने पर परिवार और समाज के सामने निडर होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। जिला विधिक सेवा सलाहकार कशिश सक्सेना ने महिलाओं के लिए राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी और हेल्पलाइन नंबर साझा किए। इस मौके पर अनिल कुमार डॉ. ज्योति बिश्नोई, शशि प्रभा, डॉ. रवींद्र सिंह यादव, निखिल सिंह चौहान, अनूप सिंह यादव, वैष्णो देवल आदि मौजूद रहीं। संवाद