उघैती। बिसौली-सहसवान मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से 30 वर्षीय सौरभ की मौत हो गई। वह बाइक लेकर बिल्सी की ओर जा रहा था। रास्ते में सिद्ध बरौलिया गांव के नजदीक हादसा हो गया।
बाइक सवार सौरभ पुत्र थान सिंह बरेली जिले में आंवला कोतवाली क्षेत्र के गांव कुसमरा का रहने वाला था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सौरभ बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे बाइक पर बिल्सी की ओर जा रहा था। उस दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए था। उसकी बाइक सहसवान-बिसौली रोड पर सिद्ध बरौलिया गांव के नजदीक पहुंची थी। तभी रफ्तार से आते किसी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी । इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल युवक को बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया । यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया । जेब से मिले मोबाइल के आधार उसकी पहचान हुई और उसके परिवार वालों को सूचना दी गई। फिलहाल उसके शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। एसओ राजेश कौशिक ने बताया कि युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हुई है। वाहन को तलाश कराया जा रहा है।
-
डीसीएम की चपेट में आने से व्यक्ति के दोनों पैर कुचले
उसावां। थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले 55 वर्षीय दीप चंद के एक डीसीएम की चपेट में आने से दोनों पैर कुचल गए। वह देवरिया के रहने वाले हैं। वह उसावां कस्बे में अपने परिवार के साथ किराये पर रहते हैं। उनकी पत्नी लालमुनि उसावां ब्लॉक में सीडीपीओ कार्यालय में सुपर वाइजर हैं। दीपचंद सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। लौटते समय मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर कृपाल सिंह की दुकान के सामने बदायूं की ओर से आ रही डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी । इससे उनके दोनों पैर कुचल गए। सूचना पर पहुंचे परिवार वाले उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। संवाद