बिसौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शहर में कोचिंग के दौरान युवक से दोस्ती हुई। दोनों पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। उन्होंने साथ जीवन बिताने की कस्में खा लीं। युवक का पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर चयन हो गया, जबकि युवती शारीरिक परीक्षा में सफल नहीं हो सकी। इस बीच युवक की शादी कहीं और तय हो गई। इससे क्षुब्ध होकर युवती ने तेजाब पी लिया। मुरादाबाद के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई। परिजन अब कोतवाली में तहरीर देने जाएंगे।
बताते हैं कि शहर में कोचिंग के दौरान युवती की एक युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए और उन्होंने साथ जीवन बिताने की कस्में खा लीं। इस बीच युवक का पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर चयन हो गया, जबकि युवती शारीरिक परीक्षा में सफल नहीं हो सकी।
युवक की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उसके परिजनों ने दूसरी जगह उसका रिश्ता तय कर दिया। इसकी जानकारी युवती को हुई तो उसने युवक से फोन पर बात की। आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। इससे आहत युवती ने घर में रखा जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया।
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे शहर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान अगले दिन सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मुरादाबाद में पोस्टमार्टम कराया। शव गांव लाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इधर, सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।