बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के गांव काेट निवासी युवती की प्रेमी सिपाही से मिले धोखे के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने सिपाही और उसके परिजनों को युवती की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। आरोप है कि शादी का झांसा देकर युवती का शोषण किया। बाद में शादी से मना करने के साथ ही निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी बहन की शहर में कोचिंग के दौरान करखेड़ी निवासी एक युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच संबंध बन गए। युवक का पुलिस विभाग में कांस्टेबल पद पर चयन हो गया, जबकि युवती भर्ती प्रक्रिया में सफल नहीं हो सकी।
आरोप है कि युवक की नौकरी लगने के बाद परिजनों ने उसका रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया था। तहरीर के मुताबिक, 27 सितंबर की शाम युवक ने युवती के पिता के मोबाइल पर फोन किया था। बातचीत के दौरान शादी से मना करने और निजी फोटो-वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देने का आरोप है। इसके बाद युवती की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए, जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई।
मुरादाबाद में पोस्टमॉर्टम के बाद शव गांव लाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों का दावा है कि युवती के मोबाइल में मिली चैट में उसने युवक और उसके परिजनों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। वहीं, जहरीला पदार्थ खाने से युवती की हालत बिगड़ने और मुरादाबाद के निजी अस्पताल में मौत होने की भी चर्चा है।
सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।